मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना में 15 तक होंगे आवेदन: RAS, क्लैट, REET तैयारी की मिलेगी फ्री कोचिंग; सामान्य (EWS) सहित सभी श्रेणी के युवाओं को मिलेगा फायदा
सामान्य जाति के आर्थिक रूप से कमजोर व गरीब स्टूडेंट सहित अन्य जरूरतमंद हर वर्ग के स्टूडेंट के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने स्टूडेंट्स को प्रतियोगी परीक्षाओं की उत्कृष्ट ढंग से तैयारी कराने व समान अवसर प्रदान करने के लिए ऐसे स्टूडेंट्स के लिए इस वर्ष से मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना शुरू की है। इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 24 सितम्बर थी जिसे बढ़ाकर 15 अक्टूबर कर दिया गया है।
योजना के तहत प्रदेश में अब हर वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर स्टूडेंट्स बिना किसी आर्थिक भार के विभिन्न प्रोफेशनल कोर्स एवं नौकरियों के लिए आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी सरकारी खर्चे पर कर सकेंगे। होशियार (मेधावी) स्टूडेंट्स की कंपटीशन एग्जाम की तैयारी के लिए सरकार कोचिंग फीस के अलावा उनके रहने-खाने का भी खर्च उठाएगी।
इस योजना से हर वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को मौका दिया जाएगा। मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना में वे छात्र पात्र होंगे, जिनके परिवार की वार्षिक आय 8 लाख रुपए प्रतिवर्ष से कम है। किसी भी छात्र-छात्रा को इस योजना का लाभ केवल 1 वर्ष की अवधि के लिए मिलेगा।
संघ लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित सिविल सेवा परीक्षा, राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित RAS और अधीनस्थ सेवा संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा, सब-इंस्पेक्टर एवं 3,600 ग्रेड पे या पे-मैट्रिक्स लेवल-10 से ऊपर की अन्य परीक्षा, रीट, राजस्थान कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित ग्रेड पे-2400 या पे-मेट्रिक्स लेवल-5 से ऊपर की परीक्षा एवं मेडिकल प्रवेश परीक्षा तथा क्लैट परीक्षा की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को योजना का लाभ मिल सकेगा। इसके तहत शहर की कोचिंग में पढ़ने के लिए जाने वाले स्टूडेंट को रहने और खाने के लिए हर साल 40 हजार रुपए मिलेंगे।
10वीं और 12वीं के अंकों के आधार पर होगा चयन
स्टूडेंट्स का चयन 12वीं और 10वीं के नंबरों के आधार पर किया जाएगा। ST वर्ग के लिए योजना का संचालन जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग एवं SC, OBC, MBC और EWS वर्ग के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और अल्पसंख्यक वर्ग के लिए अल्पसंख्यक मामलात विभाग द्वारा किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ